जमशेदपुर । परसूडीह स्थित ब्लॉक सह अंचल कार्यालय में शुक्रवार को जुगसलाई नगर परिषद, मानगो नगर निगम और चाकुलिया नगर पंचायत के मतों की गिनती कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। सुबह से ही मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की हलचल देखी गई। मतगणना शुरू होते ही प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं और सभी की निगाहें परिणामों पर टिकी हुई हैं।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतगणना स्थल पर सिटी एसपी कुमार शिवा आशीष सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। केंद्र के भीतर और बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि मतगणना शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
मिली जानकारी के अनुसार चाकुलिया नगर पंचायत की मतगणना दो राउंड में, जुगसलाई नगर परिषद की तीन राउंड में और मानगो नगर निगम की चार राउंड में पूरी की जाएगी। इस बार मतदान बैलट पेपर के माध्यम से हुआ है, जिसके कारण मतगणना की प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी है। फिलहाल सभी मतपत्रों का बंडल तैयार किया जा रहा है, जिसके बाद विधिवत गिनती का कार्य शुरू होगा।
जुगसलाई नगर परिषद के 22 वार्डों के लिए हुए मतदान में कुल 26,367 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। चाकुलिया नगर पंचायत के 12 वार्डों में 9,179 मत पड़े हैं, जबकि मानगो नगर निगम के 36 वार्डों के लिए 99,857 मतदाताओं ने मतदान किया था। इन सभी मतों की गिनती पूरी होने के बाद ही अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।
संभावना जताई जा रही है कि मतों की संख्या कम होने के कारण चाकुलिया नगर पंचायत का परिणाम सबसे पहले घोषित किया जाएगा। इसके बाद जुगसलाई नगर परिषद और अंत में सर्वाधिक मतों वाले मानगो नगर निगम का परिणाम सामने आ सकता है। फिलहाल पूरे जिले की नजरें मतगणना केंद्र पर टिकी हुई हैं और सभी को अंतिम नतीजों का इंतजार है।
चाईबासा और चक्रधरपुर की मतगणना शुरू

पश्चिमी सिंहभूम जिला में नगर पालिका (आम) निर्वाचन के तहत शुक्रवार को मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका)-सह-उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, सामान्य प्रेक्षकगण, सभी निर्वाची पदाधिकारी तथा प्रत्याशी और उनके अभिकर्ताओं की उपस्थिति में चाईबासा एवं चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र का स्ट्रांग रूम खोला गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच स्ट्रांग रूम खोले जाने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद मतगणना कार्य प्रारंभ करने से पूर्व उपायुक्त चंदन कुमार ने मतगणना कक्ष में की गई। सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मतगणना कार्य पूरी पारदर्शिता, स्वच्छता और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराया जाए।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और मतगणना स्थल पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। मतगणना केंद्र के बाहर और अंदर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
मतगणना को लेकर प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों में उत्सुकता बनी हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी और परिणामों की घोषणा भी निर्धारित नियमों के तहत की जाएगी।


