पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा )थाना क्षेत्र अंतर्गत मोची साईं इलाके में शनिवार देर रात गौ तस्करी के खिलाफ बजरंग दल और गौ रक्षा दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के चंगुल से नौ गायों को सुरक्षित मुक्त कराया। इस दौरान दो संदिग्ध तस्करों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार बजरंग दल के गौ रक्षकों को देर रात सूचना मिली थी कि कुछ लोग गौ तस्करी के उद्देश्य से गायों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही गौ रक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना प्रभारी को दी। इसके बाद बजरंग दल, गौ रक्षा दल और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मोची साईं इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई की और कसाइयों के हाथों से पहले ही नौ गाय को सुरक्षित बचा लिया।
मौके से पकड़े गए दोनों व्यक्तियों से जब प्राथमिक पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना नाम नारायण सुंडी और शेरो सिटी बताया। दोनों आरोपित सनको साईं गांव के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे गायों को जगन्नाथपुर के कुचेरा गांव से चाईबासा की कसाई बस्ती की ओर ले जा रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि उनके साथ दो भैंसों को भी ले जाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन कौन शामिल है। इस मौके पर बजरंग दल के जिला गौ रक्षक अध्यक्ष समीर पॉल, भाजपा युवा नेता द्वारिका शर्मा, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में गौ रक्षक और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


