27 C
Kolkata
Monday, August 17, 2026

धारदार हथियार से हमले में युवक की हालत नाजुक

पूर्वी सिंहभूम। साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीडीह लाइन नंबर-1 में गुरुवार तड़के एक युवक पर धारदार हथियार (चापड़ .) से जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस हमले में 21 वर्षीय प्रेम पासवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के संबंध में घायल युवक के मामा बबन पासवान ने बताया कि बुधवार देर शाम प्रेम की मां का मोबाइल चार्जर और कुछ नगदी चोरी हो गई थी। इस चोरी का आरोप पड़ोस में रहने वाले राहुल पासवान पर लगाया गया था। इसी बात को लेकर प्रेम और राहुल के बीच पहले गाली-गलौज हुई थी और विवाद बढ़ गया था।
आरोप है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए गुरुवार सुबह राहुल पासवान अपने कुछ सहयोगियों के साथ प्रेम के घर के पास पहुंचा और उस पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में प्रेम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख