27 C
Kolkata
Monday, August 17, 2026

पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट में श्याम लाल कॉलेज और जेडीएम की शानदार जीत

नई दिल्ली। 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट में मेजबान श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने बुधवार को पुरुष वर्ग में दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए किरोड़ी मल कॉलेज को 5–0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। मेजबान टीम की ओर से नंदकिशोर ने शानदार खेल दिखाते हुए दो गोल दागे, जबकि श्लोक, पंकज और हर्ष ने एक-एक गोल कर जीत को और प्रभावशाली बना दिया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए नंदकिशोर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। महिला वर्ग में जानकी देवी महाविद्यालय (जेडीएम) ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज को 1–0 से हराकर महत्वपूर्ण जीत हासिल की। मुकाबले का एकमात्र गोल कोमल ने किया, जबकि प्रभावी खेल के लिए अंजलि को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दिन के अन्य मुकाबलों में श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) ने हंसराज कॉलेज को 4–2 से मात दी। विजेता टीम के लिए समकित, मनसमर, इंदरपाल और आयुष ने एक-एक गोल किया। हंसराज कॉलेज की ओर से सागर यादव और गुरशीष ने गोल दागे। शानदार प्रदर्शन के लिए समकित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। एक अन्य मुकाबले में श्याम लाल कॉलेज (सांध्य) ने किरोड़ी मल कॉलेज (केएमसी) को 3–1 से पराजित किया। इस मैच में राघव ने दो गोल किए, जबकि हर्ष ने एक गोल का योगदान दिया। केएमसी की ओर से सागर ने एकमात्र गोल किया। बेहतरीन खेल के लिए रोहित को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

Related Articles

नवीनतम लेख