गिरिडीह :नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा में शनिवार सुबह एक किराये के मकान में रह रही नाबालिग छात्रा (17 वर्षीय) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से पूर्व छात्रा ने अपने छोटे भाई को मोबाइल पर मैसेज भेजकर अपनी जान देने की मंशा जाहिर की थी। सूचना मिलते ही परिजन जब कमरे पर पहुंचे तो छात्रा का शव फंदे से लटकता मिला।
मृतका मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कासियाडीह की रहने वाली थी और जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज में कक्षा 11 में पढ़ाई कर रही थी। वह पढ़ाई और कोचिंग की तैयारी के लिए पिछले आठ महीने से नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा में एक किराये के मकान में रह रही थी। जानकारी के अनुसार, छात्रा ने शनिवार की सुबह करीब 11 बजे अपने छोटे भाई को मैसेज भेजा कि वह आत्महत्या करने जा रही है। मैसेज मिलते ही उसका भाई अपने दोस्तों के साथ तुरंत बरगंडा स्थित किराये के कमरे पर पहुंचा. वहां पहुंचने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। छात्रा का भाई जब कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर गया तो उसकी बहन दुपट्टे के सहारे झूलती मिली। इसके बाद उसने तुरंत नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
मकान मालिक ने बताया कि छात्रा पिछले आठ माह से उनके मकान में किराये पर रहकर पढ़ाई कर रही थी. सुबह वे मकान के बाहर ही खड़े थे, तभी उसकी सहेली, जो उससे मिलने आई थी, उसने बताया कि दरवाजा अंदर से बंद है और वह दरवाजा नहीं खोल रही है. इसी दौरान छात्रा का भाई भी वहां पहुंच गया. जब दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया गया तो उसका शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


