25.8 C
Kolkata
Wednesday, March 4, 2026

रांची में ध्वनि प्रदूषण पर सख्त वार, 250 प्रेशर हॉर्न और 400 साइलेंसर नष्ट

रांची। राजधानी में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान 250 से अधिक प्रेशर हॉर्न और करीब 400 अवैध व तेज आवाज वाले साइलेंसर को बुलडोजर से नष्ट किया गया। ट्रैफिक पुलिस ने पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान चलाकर कुल 700 से ज्यादा प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर जब्त किए थे। जब्त किए गए इन्हीं उपकरणों को शनिवार को सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया, ताकि लोगों में सख्त संदेश जा सके। यह कार्रवाई रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की गयी।

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने मीडिया को बताया कि हाल के दिनों में कई बुजुर्गों और आम नागरिकों ने शिकायत की थी कि खासकर अस्पतालों के आसपास और रात के समय कुछ बाइक सवार मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बहुत तेज आवाज होती है। इससे मरीजों, बुजुर्गों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस के अनुसार, तेज आवाज वाले साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न न सिर्फ नियमों के खिलाफ हैं, बल्कि इससे ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों का ध्यान भटकता है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी रहता है।

ट्रैफिक एसपी ने साफ किया है कि इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान के साथ-साथ उनके वाहनों से अवैध साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जब्त किए जाएंगे। एसपी ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तय मानकों के अनुसार ही साइलेंसर और हॉर्न का इस्तेमाल करें और शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles