31.2 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

झारखंड की ब्रांडिंग में ‘कैप्टन कूल’ की एंट्री, एमएस धोनी बन सकते हैं पर्यटन के चेहरा

रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड सरकार पर्यटन के क्षेत्र में ब्रांड एंबेसडर बनाने की तैयारी कर रही है। राज्य के पर्यटन विभाग का यह प्रस्ताव अंतिम चरण में है और जल्द ही सरकार इसकी अधिसूचना जारी कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, झारखंड के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। ब्रांड एंबेसडर बनने के बाद महेंद्र सिंह धोनी राज्य के पर्यटन स्थलों को लेकर लोगों को जागरूक करते नजर आ सकते हैं। गौरतलब है कि बीते वर्ष पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार और महेंद्र सिंह धोनी के बीच हुई शिष्टाचार मुलाकात के बाद से ही उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की चर्चा शुरू हो गई थी।

हाल ही में सीएम हेमंत सोरेन की महेंद्र सिंह धोनी से अचानक मुलाकात हुई। सीएम की मां रूपी सोरेन नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली रवाना हुई थीं। उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन भी गईं। सीएम हेमंत सोरेन उन्हें एयरपोर्ट तक छोड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान एयरपोर्ट पर सीएम की मुलाकात पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से हुई। सीएम ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा—“माही से अचानक मिलना हुआ।”

Related Articles

नवीनतम लेख