पश्चिमी सिंहभूम। समाज में बढ़ती नशाखोरी के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की प्रेरणा से मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा की जागृति शाखा ने गुरुवार को मेरी टोला में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। मौके पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और स्वस्थ, नशामुक्त समाज की दिशा में संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रकाश कुमार गुप्ता और उषा मिश्रा के नेतृत्व वाली नाट्य टीम ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक में यह दिखाया गया कि किस प्रकार नशा व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, परिवार की खुशहाली छीन लेता है और समाज में अपराध, गरीबी और तनाव को बढ़ावा देता है। कलाकारों ने सरल भाषा और जीवंत अभिनय के जरिए यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बादी की ओर ले जाता है।
नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति के दौरान दर्शकों को यह भी बताया गया कि नशे से बचाव के लिए सही जानकारी, परिवार का सहयोग और सामाजिक जागरूकता कितनी जरूरी है। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें।
इस मौके पर जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल ने बताया कि हाल ही में डालसा के सचिव रवि चौधरी की ओर से की गई बैठक में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को नशे के खिलाफ अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया था। उसी प्रेरणा के तहत यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि क्षेत्र में बढ़ रही नशाखोरी पर रोक लगाई जा सके और समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास हो सके। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जागृति शाखा की सचिव रिंकी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शिल्पा फिरोजीवाला, ऋचा अग्रवाल, ममता जिंदल, सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


