उत्तर कन्नड़। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना येल्लापुर तालुक के अराबैल घाट स्थित बालगर के पास ट्रक और एक यात्री वाहन की आमने-सामने की टक्कर में हुई।
धर्मस्थल जा रहे थे सभी यात्री
पुलिस के अनुसार, यात्री वाहन में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। सभी धारवाड़ से धर्मस्थल और मंगलुरु की यात्रा पर निकले थे। अराबैल घाट के बालगर के पास सामने से आ रहे ट्रक से वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्री वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतक सभी धारवाड़ के निवासी थे और हुबली-धारवाड़ क्षेत्र में भोजन वितरण सेवा से जुड़े अंशकालिक कर्मी के रूप में कार्य करते थे।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में बसवराज (48), अभिषेक ईश्वर (28), अक्षय (26), अभिषेक (26), वाहन चालक संजीव अंगड़ी (33) और मंजूनाथ चुलाकी (32) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं शिवराज दुर्गाप्पा मडिवाल (22), सचिन और चेन्नाबसैया बसलिंगैया संपगावा (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद येल्लापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
