31 C
Kolkata
Tuesday, August 25, 2026

दीघा के शंकरपुर से समुद्र में गए 16 मछुआरे लापता, तलाश तेज करने की मांग

पूर्व मेदिनीपुर। पश्चिम बंगाल के शंकरपुर मत्स्य बंदरगाह से गहरे समुद्र में मछली पकड़ने गए 16 मछुआरे लापता हो गए हैं। कई दिन बीत जाने के बावजूद ट्रॉलर और मछुआरों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों में चिंता का माहौल है। मछुआरा संगठनों ने समुद्र और हवाई मार्ग से व्यापक खोज अभियान चलाने की मांग की है।

दो जुलाई को समुद्र में गया था ट्रॉलर

जानकारी के अनुसार, दो जुलाई को शंकरपुर मत्स्य बंदरगाह से “जय मां काली” नामक मछली पकड़ने वाला ट्रॉलर गहरे समुद्र के लिए रवाना हुआ था। ट्रॉलर पर मांझी समेत कुल 16 मछुआरे सवार थे। निर्धारित समय पर ट्रॉलर के वापस नहीं लौटने और उससे संपर्क नहीं हो पाने के बाद चिंता बढ़ गई।

हेलीकॉप्टर से खोज अभियान चलाने की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद शंकरपुर फिशरमैन फिश ट्रेडर्स एसोसिएशन के सचिव एवं पूर्व विधायक स्वदेश रंजन नायक ने प्रशासन और संबंधित विभागों को मामले से अवगत कराया। उन्होंने लापता ट्रॉलर और मछुआरों की जल्द तलाश शुरू करने की मांग की है।

मछुआरा संगठन ने समुद्र के साथ-साथ हेलीकॉप्टर की मदद से हवाई खोज अभियान चलाने की अपील की है, ताकि लापता मछुआरों का जल्द पता लगाया जा सके। वहीं, परिजन अपने प्रियजनों के सुरक्षित लौटने की उम्मीद में प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख