33.4 C
Kolkata
Wednesday, July 1, 2026

बिहार विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित एमएलसी ने ली शपथ, पवन सिंह ने सबसे पहले किया शपथ ग्रहण

पटना। बिहार विधान परिषद के एनेक्सी भवन में बुधवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 10 नवनिर्वाचित नेताओं ने विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के रूप में शपथ ली। विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

पवन सिंह ने सबसे पहले ली शपथ

शपथ ग्रहण की शुरुआत भोजपुरी अभिनेता एवं नवनिर्वाचित विधान पार्षद पवन सिंह से हुई। उन्होंने सबसे पहले एमएलसी पद की शपथ ली। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, संजय मयूख, सुनील कुमार सिंह समेत अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों ने क्रमवार शपथ ग्रहण किया।

समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान विजय कुमार चौधरी और तेजस्वी यादव मंच पर एक-दूसरे के बगल में बैठे नजर आए।

निर्विरोध चुने गए थे सभी सदस्य

करीब 20 दिन पहले बिहार विधान परिषद की रिक्त सीटों पर हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के चार, जनता दल (यूनाइटेड) के चार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एक तथा राष्ट्रीय जनता दल के एक उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।

इनमें जनता दल (यूनाइटेड) के ललन प्रसाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार द्वारा रिक्त की गई विधान परिषद सीट से निर्विरोध चुने गए। यह सीट चुनाव की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल सीटों में शामिल रही।

शपथ ग्रहण के साथ ही सभी 10 नवनिर्वाचित सदस्य अब बिहार विधान परिषद की कार्यवाही में भाग लेने और अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करने के लिए अधिकृत हो गए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख