27.7 C
Kolkata
Tuesday, July 28, 2026

झारखंड में सुस्त पड़ा मानसून, बालूमाथ में सबसे अधिक 100 मिमी बारिश दर्ज

रांची। झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की रफ्तार धीमी हो गई है। हालांकि, लातेहार जिले के बालूमाथ में पिछले 24 घंटे के दौरान सर्वाधिक 100 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं राजधानी रांची समेत कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी के बावजूद दिनभर उमस और गर्मी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अभी व्यापक बारिश के आसार कम

रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि वर्तमान में मानसून की सक्रियता कमजोर बनी हुई है। इसके कारण अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश ही होने की संभावना है। हालांकि, आने वाले दिनों में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की उम्मीद है, जिससे वर्षा की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बालूमाथ में सबसे अधिक 100 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कुछ अन्य इलाकों में भी छिटपुट बारिश हुई, जबकि अधिकांश जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रहा।

बोकारो सबसे गर्म, लातेहार सबसे ठंडा

बारिश की कमी का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस बोकारो में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 22.4 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड हुआ।

राजधानी रांची में सुबह से बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन उमस बरकरार रही। रांची का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जमशेदपुर में अधिकतम 32.2 और न्यूनतम 26.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.6 और न्यूनतम 27.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 35.5 और न्यूनतम 27.1 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 32.2 और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Related Articles

नवीनतम लेख