कुवैत सिटी/मनामा/वाशिंगटन । अमेरिका के साथ चल रहे शांति समझौते के तमाम प्रयासों को धता बताते हुए ईरान ने कुवैत और बहरीन पर बड़ा हवाई हमला कर वैश्विक राजनीति में भूचाल ला दिया है। कुवैत और बहरीन दोनों ही अमेरिका के रणनीतिक सहयोगी देश हैं और दोनों स्थानों पर अमेरिकी सेना के बड़े सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है कि उसने इन देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाकर यह हमला किया है। इस अप्रत्याशित मिसाइल और ड्रोन हमले के बाद पूरे खाड़ी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
लेबनान पर इजराइली हमलों से भड़का ईरान, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की अपील बेअसर
दरअसल, ईरान इस समय लेबनान के भीतर हो रहे भीषण इजराइली हमलों से बुरी तरह बिफरा हुआ है। इजराइल की सेना लेबनान में अपनी जड़ें जमा चुके ईरान समर्थक शक्तिशाली आतंकवादी संगठन हिजबुल्लाह के ठिकानों को चुन-चुनकर तहस-नहस कर रही है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से युद्ध रोकने और संयम बरतने की की गई भावुक अपील भी पूरी तरह बेअसर साबित हुई है। इजराइल की ओर से लेबनान पर हमले लगातार जारी हैं, जिसके जवाब में ईरान ने अब सीधे अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड का एक्शन: ईरानी मिसाइलों को रास्ते में ही किया ध्वस्त
कुवैत टाइम्स, गल्फ न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, हमलों की भनक लगते ही कुवैत और बहरीन की वायु सेना सक्रिय हो गई। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने एक कड़ा बयान जारी कर बताया कि उसने ईरान के इस घातक मिसाइल और ड्रोन हमले की पूरी श्रृंखला को ‘सफलतापूर्वक नाकाम’ (डिफीट) कर दिया है। सेंट्रल कमांड के मुताबिक, ईरान ने कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं, लेकिन अमेरिकी और बहरीनी हवाई सुरक्षा प्रणालियों (एयर डिफेंस सिस्टम) ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें बीच हवा में ही नष्ट कर दिया। कुवैत पर दागी गई दो मिसाइलें अपने तय निशाने पर पहुँचने से पहले ही टूटकर समुद्र और रेगिस्तान में बिखर गईं, जबकि बहरीन की ओर आ रही तीन मिसाइलों को मार गिराया गया।
बहरीन ने बंद किया अपना एयरस्पेस, अमेरिकी नौसेना ने ईरानी तेल टैंकर को किया बेकार
इस भीषण हमले के बाद बहरीन के गृह मंत्रालय ने देश में सुरक्षा सायरन बजाकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और नागरिक उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) पूरी तरह बंद कर दिया है। उधर, कुवैत सरकार ने अपने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध मलबे या मिसाइल के टुकड़ों को न छूने की अपील की है। अमेरिकी सेना ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान के केशम द्वीप पर जोरदार हमले किए हैं। इसके साथ ही, अमेरिकी युद्धपोत और विमानों ने अरब खाड़ी में नाकाबंदी का उल्लंघन कर ईरानी बंदरगाह खर्ग द्वीप की ओर जा रहे बोत्सवाना के झंडे वाले एक खाली कमर्शियल तेल टैंकर ‘एमटी लेक्सी’ के इंजन रूम पर हेलफायर मिसाइल दागकर उसे पूरी तरह बेकार कर दिया है।
दक्षिणी लेबनान के अस्पताल पर गिरा बम, डॉक्टर और बच्चे समेत 5 की मौत
दूसरी तरफ, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि दक्षिणी लेबनान पर हुए ताजा इजराइली हवाई हमलों में एक मासूम बच्चे समेत पांच नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 48 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भीषण बमबारी की जद में आने से तेबनिन सरकारी अस्पताल की इमारत को भारी नुकसान पहुँचा है, जहाँ घायलों का इलाज कर रहे एक डॉक्टर और पांच पैरामेडिकल स्टाफ कर्मी भी मलबे और धमाके की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में इस समय युद्ध के बादल गहरे छाए हुए हैं।
