इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में मूसलाधार बारिश के कारण उफनाए नदी-नालों में दो अलग-अलग स्थानों पर दो युवक बह गए। इनमें लसूड़िया क्षेत्र से एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अहीरखेड़ी में बह गए दूसरे युवक की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
पिता के लिए खाना ले जाते समय बहा युवक
लसूड़िया थाना क्षेत्र के मोरी निवासी 34 वर्षीय गोलू पंवार बुधवार रात अपने सुरक्षाकर्मी पिता आत्माराम पंवार के लिए खाना लेकर ईंट निर्माण फैक्ट्री जा रहा था। रास्ते में नाले के किनारे से गुजरते समय वह तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका।
गुरुवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम ने प्लाटून कमांडर अश्विन चौधरी के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद गोलू का शव नाले के एक पुल के नीचे कचरे में फंसा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया है।
अहीरखेड़ी में युवक की तलाश जारी
दूसरी घटना अहीरखेड़ी क्षेत्र की है, जहां महेश चौहान अपने दोस्त मनीष के साथ जलमग्न रपटे को पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान तेज बहाव में दोनों बह गए। मनीष किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन महेश गहरे पानी में लापता हो गया।
पुलिस, गोताखोरों और राहत-बचाव दल की टीमें बुधवार रात से लगातार महेश की तलाश में जुटी हैं। गुरुवार दोपहर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
प्रशासन की अपील
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों, जलमग्न पुलों और रपटों को पार करने का प्रयास नहीं करने तथा खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
