41.6 C
Kolkata
Tuesday, June 9, 2026

भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

इंफाल। मणिपुर के सेनापति और इंफाल पश्चिम जिले में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर और हेरोइन बरामद की है।

सेनापति जिला: गाड़ी और नकदी के साथ दो तस्कर धरे गए

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सोमवार को सुरक्षा बलों ने सेनापति जिला अंतर्गत सेनापति थाना क्षेत्र के टी. खुल्लेन नाका पोस्ट पर एक संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान एक ग्रैंड आई10 गाड़ी (एएस-01एलसी-9436) से 12 साबुनदानियों में छिपाकर रखी गई ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके साथ ही पुलिस ने 4,000 रुपये नकद और अन्य सामान भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीमउद्दीन (38, निवासी उरियामघाट, देवीपुर) और मोंजित (25, निवासी गोमारीगुरी) के रूप में हुई है।

इंफाल पश्चिम: 58 ग्राम हेरोइन पाउडर जब्त

एक अन्य कार्रवाई में, सोमवार को ही सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के न्यू केइथेलमाबी थाना क्षेत्र के अंतर्गत केइथेलमाबी इलाके से एक व्यक्ति को दबोचा। उसके पास से पांच साबुनदानियों में छुपाकर ले जाई जा रही 58 ग्राम हेरोइन पाउडर और एक वाहन बरामद किया गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान थोउबल जिले के सपम मामंग लीकाई निवासी नोंगमैथेम रूपु सिंह (38) के रूप में की गई है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एनएच-37 पर वाहनों की सुरक्षित आवाजाही

पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बल राज्य के सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में लगातार सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग-37 (NH-37) पर जरूरी सामान ले जाने वाली 130 गाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई। सभी संवेदनशील हिस्सों में सुरक्षा काफिला उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि वाहनों का परिचालन निर्बाध रूप से हो सके। वर्तमान सुरक्षा स्थितियों को देखते हुए मणिपुर के पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों के अलग-अलग जिलों में कुल 114 नाके और चेक पॉइंट लगाए गए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख