बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने घंटों तलाश अभियान चलाने के बाद रविवार को तीनों बच्चों के शव नदी से बरामद कर लिए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, समडील गांव के तीन बच्चे शनिवार को स्कूल गए थे। छुट्टी होने के बाद तीनों घर लौट रहे थे। रास्ते में घोंघा नदी पड़ती है। नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों बच्चे बह गए। बच्चों के लापता होने की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी के पास पहुंच गए।
परिजनों ने बताया कि बच्चे आमतौर पर स्कूल आने-जाने के लिए दूसरे रास्ते का इस्तेमाल करते थे। हादसे वाले दिन स्कूल पहुंचने में देरी हो रही थी, इसलिए उन्होंने नदी वाले रास्ते से जाने का फैसला किया था। सुबह जब बच्चे स्कूल गए थे, उस समय घोंघा नदी में पानी का स्तर काफी कम था। लेकिन दिनभर हुई बारिश के कारण दोपहर बाद नदी में पानी तेजी से बढ़ गया और बहाव बेहद तेज हो गया। इसी दौरान घर लौटते समय बच्चे नदी पार करने की कोशिश में हादसे का शिकार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। रविवार को तलाश अभियान के दौरान तीनों बच्चों के शव नदी से बरामद कर लिए गए।
जांच अधिकारी अविनाश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से घर लौटते समय घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए थे। लापता बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया था। अभियान के दौरान तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
हादसे के बाद समडील गांव में शोक की लहर है। एक साथ तीन बच्चों की मौत से ग्रामीण भी सदमे में हैं। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे जान जोखिम में डालकर नदी, नाले या तेज बहाव वाले रास्तों को पार करने की कोशिश न करें।
