35.9 C
Kolkata
Friday, June 19, 2026

गुजरात के वडोदरा में भीषण सड़क हादसा, छह लोगों की मौत और 31 घायल

वडोदरा। गुजरात के वडोदरा शहर के कोटंबी स्टेडियम के पास बुधवार तड़के करीब चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार लग्जरी बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक 9 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खड़े ट्रक से टकराई लग्जरी बस, मची चीख-पुकार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ‘बालाजी ट्रैवल्स’ की यह लग्जरी बस राजस्थान के बांसवाड़ा से सवारी लेकर सूरत जा रही थी। इसी दौरान कोटंबी स्टेडियम के पास बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से बेहद जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के वक्त बस में सवार ज्यादातर यात्री सो रहे थे। घायल यात्री बंसीलाल ने बताया कि वह काम के सिलसिले में राजस्थान से सूरत जा रहा था और अचानक हुई इस जोरदार टक्कर से बस में चीख-पुकार मच गई।

एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वडोदरा फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। एनडीआरएफ की 6वीं बटालियन के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह 4:40 बजे कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर तैनात हो गई थी।

बचाव दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए अब तक 24 यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि 5 शवों को बस के मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया। फिलहाल कटर और क्रेन की मदद से बस के हिस्सों को अलग कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई अन्य यात्री अंदर फंसा न रह गया हो। प्रशासन की ओर से अभी तक मृतकों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख