28 C
Kolkata
Monday, August 24, 2026

ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 19 रन से हराया

नई दिल्ली। विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 19 रन से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट पर 174 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस की टीम ने अच्छी शुरुआत के बावजूद लगातार विकेट गंवाए और निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन ही बना सकी।

ईस्ट दिल्ली राइडर्स की जीत की नींव प्रज्ञा रावत और सिमरन बहादुर ने रखी। प्रज्ञा ने 55 गेंदों पर नाबाद 70 रन की संयमित पारी खेली, जिसमें आठ चौके शामिल रहे। वहीं, सिमरन बहादुर ने महज 36 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाकर पारी को तेजी दी। उनकी पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। वंशिका लीला ने भी 22 गेंदों पर 30 रन की उपयोगी पारी खेली, जिससे ईस्ट दिल्ली की टीम अंतिम ओवरों में बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने सकारात्मक शुरुआत की। टीम के शीर्ष क्रम ने ईस्ट दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और स्कोर 120 रन तक पहुंचा दिया। हालांकि इसके बाद ईस्ट दिल्ली राइडर्स के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए लगातार विकेट झटके और क्वींस की रन गति पर अंकुश लगा दिया।

दीक्षा शर्मा की शानदार पारी बेकार

सेंट्रल दिल्ली क्वींस की ओर से दीक्षा शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए जीत की उम्मीद बनाए रखी। उन्होंने 51 गेंदों पर 86 रन की बेहतरीन पारी खेली। लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण उनकी कोशिशें टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं। मोनिका ने 11 गेंदों पर 14 रन बनाए, जबकि निधि महतो और मेधावी बिधूड़ी ने छह-छह रन का योगदान दिया। रिया कोंडल दो रन पर आउट हुईं। सोनी यादव एक रन पर और आर. प्रियदर्शिनी नाबाद रहीं, लेकिन टीम 155 रन तक ही पहुंच सकी।

ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से पूर्वा सिवाच ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने चार ओवर में 24 रन देकर चार विकेट हासिल किए। भारती रावल ने दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया, जबकि सिमरन बहादुर ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी योगदान देते हुए एक विकेट अपने नाम किया। ईस्ट दिल्ली के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में दबाव बनाए रखा और सेंट्रल दिल्ली की बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने का मौका नहीं दिया।

20 अगस्त से चल रही महिला डीपीएल

विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 20 अगस्त से अरुण जेटली स्टेडियम में हुई है। प्रतियोगिता में चार टीमें हिस्सा ले रही हैं और सभी मुकाबले टी20 प्रारूप में खेले जा रहे हैं। महिला डीपीएल का फाइनल दो सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं, पुरुष दिल्ली प्रीमियर लीग का फाइनल 30 अगस्त को होना है। पुरुष प्रतियोगिता की शुरुआत 30 जुलाई से हुई थी।

Related Articles

नवीनतम लेख