अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के वक्त यूनिट में 39 नवजात भर्ती थे। गंभीर रूप से प्रभावित 6 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया है।
वेंटिलेटर में धमाके के बाद फैला धुआं जानकारी के अनुसार, तीसरी मंजिल पर स्थित स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में सुबह करीब 3:30 बजे एक वेंटिलेटर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते आग भड़क गई और पूरे वार्ड में घना धुआं भर गया। यूनिट में भर्ती कई बच्चों का जन्म कुछ घंटे या एक-दो दिन पहले ही हुआ था।
कर्मचारियों ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन घटना के तुरंत बाद ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी हरकत में आए और नवजातों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। ज्यादातर बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन आग और धुएं की चपेट में आने से तीन मासूमों की जान नहीं बचाई जा सकी।
सुरक्षा मानकों की जांच के आदेश हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। वेंटिलेटर में ब्लास्ट की असली वजह तलाशने के साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि अस्पताल में फायर सेफ्टी और मेडिकल उपकरणों के मेंटेनेंस प्रोटोकॉल का पालन हो रहा था या नहीं।
छिंदवाड़ा में भी सामने आया था ऐसा मामला गौरतलब है कि इस हादसे से दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी वार्मर मशीन से निकली चिंगारी से आग लग गई थी। उस घटना में झुलसे तीन बच्चों में से एक नवजात की जबलपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
