रांची में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन राजेंद्र चौक पहुंचे और वहां स्थापित उनकी प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर उन्हें नमन किया। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्वतंत्रता आंदोलन के महत्वपूर्ण नेता थे। संविधान निर्माण में उनकी भूमिका बहुत बड़ी थी। उन्होंने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्य को हमेशा प्राथमिकता दी। डीसी ने कहा कि उनके विचार आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं और हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने दायित्वों को ठीक तरह से निभाना चाहिए।
एसएसपी राकेश रंजन ने भी इस मौके पर उनके आदर्शों और योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने अपने पूरे जीवन में देश को मजबूत बनाने के लिए काम किया और उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए मिसाल है। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भी उनकी प्रतिमा के सामने श्रद्धा व्यक्त की और उनके बताए रास्तों पर चलने का संकल्प लिया।


