31 C
Kolkata
Sunday, August 23, 2026

कोकर में टाटा मोटर्स वर्कशॉप में आग, छह वाहन जलकर राख

रांची। राजधानी रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वासुदेव टाटा ऑटो मोटर्स वर्कशॉप में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वर्कशॉप में खड़े छह वाहन इसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिए जाने से इसे वर्कशॉप के अन्य हिस्सों और आसपास के प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया गया।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि वर्कशॉप में खड़े एक वाहन में अचानक आग लगी थी। आग ने कुछ ही देर में आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में कुल छह वाहन जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से घटनास्थल की जांच की जा रही है, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान का आकलन किया जा सके। राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Related Articles

नवीनतम लेख