पलामू। पलामू के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के टीओपी-2 अंतर्गत कांदू मोहल्ला के पास रेलवे ट्रैक से सोमवार एक महिला का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने पहले शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस छानबीन में शव की पहचान 70 वर्षीय राधा देवी, पति राम जी शाह के रूप में हुई। महिला नौडीहा बाजार के सरइडीह की रहने वाली थी। कंदू मोहल्ला (ज्योति आईटीआई के पास) के पास किराए पर रहती थी। महिला ने ख़ुदकुशी क्यों किया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला ने मालगाड़ी से कट कर खुदकुशी की।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों से रेलवे ट्रैक पर एक महिला के शव होने की सूचना पर टीओपी-2 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
बेटे प्रमोद प्रसाद के अनुसार मां राधा देवी सुबह पांच बजे घर से अचानक निकल गई थी। 6 बजे उठे तो देखा कि कमरे में नहीं है। स्टेशन की तरफ खोजबीन की जा रही थी। इसी क्रम में शव मिलने की सूचना मिली। प्रमोद ने बताया कि उसकी मां मानसिक रूप से डिस्टर्ब थी।


