29 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

कार को बचाने के प्रयास में पलटा फेवरब्लॉक लदा ट्रक, तीन मजदूर घायल

खूंटी । खूंटी–रांची मुख्य मार्ग पर शनिवार को तजना नदी पुल के समीप एक फेवरब्लॉक लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

हादसे में ट्रक पर सवार तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सदर अस्पताल, खूंटी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक टाटीसिल्वे से फेवरब्लॉक लेकर खूंटी की ओर आ रहा था। तजना नदी पुल के पास सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रक को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया।

दुर्घटना में ट्रक पर सवार प्रकाश, निवारण और रासबिहारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल प्रकाश ने बताया कि कार अचानक सामने आ जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल, खूंटी पहुंचाया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।

पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

नवीनतम लेख