35 C
Kolkata
Friday, June 26, 2026

पश्चिम बर्दवान: 2021 चुनाव बाद हिंसा मामले में बाराबनी के तीन तृणमूल नेता गिरफ्तार

पश्चिम बर्दवान । आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत बाराबनी थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामले में पुलिस ने बाराबनी पंचायत समिति के अध्यक्ष व तृणमूल कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष असित सिंह, पानुरिया ग्राम पंचायत के उप-प्रधान विश्वजीत सिंह और प्रभावशाली टीएमसी नेता अकबर आलम को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है।

चेकपोस्ट और जमशेदपुर से हुई गिरफ्तारी

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर जाल बिछाया था:

  • असित और विश्वजीत की गिरफ्तारी: गुरुवार देर रात कुल्टी थाना क्षेत्र के डुबुरडीही चेकपोस्ट के पास एक ढाबे के निकट से असित सिंह और विश्वजीत सिंह को दबोचा गया।

  • अकबर आलम की गिरफ्तारी: तीसरे आरोपी अकबर आलम को झारखंड के जमशेदपुर स्थित आजाद नगर थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि वह वहां अपनी बेटी के ससुराल में छिपा हुआ था।

नतीजों के बाद से ही चल रहे थे फरार

इन तीनों नेताओं को बाराबनी थाना कांड संख्या 98/2021 के तहत दर्ज चुनाव बाद हुई हिंसा के मामले में नामजद किया गया था। पुलिस का दावा है कि साल 2021 में विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद से ही ये तीनों इलाके से फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार इनकी तलाश में जुटी हुई थी।

सुरक्षा के मद्देनजर हीरापुर थाने में रखा, आज कोर्ट में पेशी

हाई-प्रोफाइल मामला होने के कारण गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। तीनों आरोपियों को सुरक्षा कारणों से हीरापुर थाना में रखा गया है और आज शुक्रवार को उन्हें आसनसोल जिला अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि इन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी से इस पुराने मामले की जांच को आगे बढ़ाने में बड़ी मदद मिलेगी।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जताई खुशी

नेताओं की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही बाराबनी और आसपास के क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। भाजपा नेताओं का कहना है कि वे पीड़ित परिवारों के लिए लंबे समय से न्याय और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे, इसलिए वे पुलिस के इस कदम का स्वागत करते हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख