पूर्वी सिंहभूम । शहर के विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभिषेक कुमार को सोमवार सुबह पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुईयाडीह स्थित नीतिबाग कॉलोनी में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपित ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन तीन थानों की पुलिस ने उसे घेरकर दबोच लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अभिषेक कुमार अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा, गोविंदपुर और सिदगोड़ा थाना की पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही अभिषेक मकान की छत पर चढ़ गया और एक के बाद एक कई घरों की छतों से छलांग लगाते हुए भागने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी उसका पीछा किया और कुछ देर तक पूरे इलाके में छतों के ऊपर ही पकड़ने की कवायद चलती रही। इस दौरान आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए और पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने रणनीति के तहत सभी संभावित रास्तों को पहले ही घेर लिया था। भागने के दौरान अभिषेक को चोट लगी, जिससे उसकी रफ्तार धीमी पड़ गई और पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच पूरी होने के बाद उसे थाना लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि अभिषेक कुमार के खिलाफ जमशेदपुर के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सोमवार को मिली सटीक सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
