वॉशिंगटन / तेहरान । ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल सैन्य अभियान के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिकी केंद्रीय कमान ने ईरान के खार्ग द्वीप पर बड़ा बमबारी अभियान चलाया। उन्होंने इसे मध्य-पूर्व के इतिहास का सबसे बड़ा बमबारी अभियान करार देते हुए कहा कि ईरान के सबसे महत्वपूर्ण द्वीप खार्ग द्वीप पर मौजूद हर सैन्य ठिकाने को पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया। इस हमले पर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि तेहरान इसका जवाब देगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया कहा कि अमेरिकी केंद्रीय कमान ने ईरान के खार्ग द्वीप पर एक बड़ा बमबारी अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने द्वीप पर मौजूद सभी सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया, जबकि जानबूझकर तेल अवसंरचना को नुकसान नहीं पहुंचाया।
ट्रंप के अनुसार यह हमला मध्य पूर्व के इतिहास के सबसे शक्तिशाली बमबारी अभियानों में से एक था। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने खार्ग द्वीप पर मौजूद सभी सैन्य लक्ष्यों को निशाना बनाया और उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया है।
ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरान या कोई अन्य देश होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षित आवाजाही में बाधा डालता है तो अमेरिका अपना फैसला बदल सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में अमेरिका द्वीप के तेल ढांचे को भी निशाना बनाने पर विचार करेगा।
अमेरिका के खर्ग द्वीप पर हमले पर ईरान ने पलटवार की धमकी दी है। समाचार समूह ईरान इंटरनेशनल ने ईरान के खतम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के एक प्रवक्ता के हवाले से कहा है कि ईरान अपने तेल, आर्थिक और ऊर्जा संपत्तियों पर हमलों का तुरंत जवाब देगा, जिसमें अमेरिका से जुड़े क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाएगा।
खार्ग द्वीप ईरान के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण और बड़ा तेल निर्यात केंद्र है। इसे ईरान की ऊर्जा व्यवस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।


