29 C
Kolkata
Wednesday, February 11, 2026

अनियंत्रित पिकअप वैन पलटी, एक की मौत

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत बेतझरिया स्थित खेतान फैक्ट्री के पास बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मजदूरों और निर्माण सामग्री से लदी पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के चारों पहिए ऊपर हो गए और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार पिकअप वैन (संख्या ओआर 11 जी 4939) में करीब 11 से 12 मजदूर सवार थे। सभी पांडुगुड़ा क्षेत्र में निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। वाहन में मजदूरों के साथ भारी मात्रा में सीमेंट भी लदा था। बताया जाता है कि मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में मंगलमुंडा नामक राजमिस्त्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अन्य घायल मजदूरों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। एक महिला मजदूर, जो अपने बच्चों के साथ चालक के बगल में बैठी थी, बार-बार उसे धीमी गति से चलने की हिदायत दे रही थी, लेकिन चालक ने उसकी बात अनसुनी कर दी। तेज रफ्तार में मोड़ काटने के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
बताया जा रहा है कि उक्त वाहन धालभूमगढ़ प्रखंड के पटनायकशौल निवासी पंकज झा उर्फ सुरेश झा के उपयोग में था, जो गुड़ाबांदा प्रखंड कार्यालय में वेंडर के तौर पर कार्यरत हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच सेवा ही धर्म संस्था के नौशाद अहमद, गुलशन कुमार समेत अन्य स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने में मदद की। एक घायल का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य मजदूरों को बेहतर उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles