34.1 C
Kolkata
Friday, July 3, 2026

रूस के मिसाइल हमलों से दहली यूक्रेनी राजधानी, दो नागरिकों की मौत

कीव। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की की चेतावनी के कुछ ही घंटे बाद गुरुवार तड़के राजधानी कीव सहित कई इलाके भीषण रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों से दहल उठे। इस हमले में दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 16 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, रूस द्वारा दागी गईं बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के कारण राजधानी में कई बहुमंजिला रिहायशी इमारतों और एक होटल में भीषण आग लग गई।

28 स्थानों पर तबाही, मलबे में फंसे लोग

कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि हमले के बाद गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव दल नौ मंजिला तबाह हो चुकी इमारत के मलबे से लोगों को निकालने के अभियान में जुटे हैं। इसके अलावा, एक एम्बुलेंस सब-स्टेशन को भी निशाना बनाया गया है, जिससे मेडिकल कर्मी घायल हुए हैं। अधिकारियों ने सुबह तक अकेले कीव शहर में कम से कम 28 स्थानों पर भारी नुकसान दर्ज किया है, जिसमें कई शैक्षणिक संस्थान और संग्रहालय भी शामिल हैं।

देशभर में हवाई अलर्ट, सुरक्षित स्थानों पर भागे लोग

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बुधवार को ही खुफिया रिपोर्टों के आधार पर देशवासियों को आगाह किया था कि व्लादिमीर पुतिन रात में बड़े हमले की योजना बना रहे हैं। हमले की चेतावनी के सायरन बजते ही बड़ी संख्या में नागरिकों ने मेट्रो स्टेशनों और भूमिगत बंकरों में शरण ली। कीव के अलावा दक्षिणी शहर जापोरिजिया, सूमी, खार्किव और खेरसोन में भी भारी विस्फोटों की खबर है। सैन्य अधिकारियों ने अंदेशा जताया है कि आने वाले दिनों में रूस ऐसे ही और बड़े हवाई हमले कर सकता है।

Related Articles

नवीनतम लेख