पश्चिमी सिंहभूम जिला के सारंडा जंगल में शनिवार को नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। आईईडी विस्फोट में दो सीआरपीएफ जवान घायल हो गए। घायल सीआरपीएफ जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया है।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि “सारंडा में नक्सलियों के खिलाफ चल रहा ऑपरेशन जारी है। इसी क्रम में, पहले से लगाए गए आईईडी ब्लास्ट में कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए। दोनों जवानों की हालत अभी स्थिर है। दरअसल, सुरक्षाबलों को जानकारी मिली थी कि सारंडा जंगल में नक्सली गतिविधियां सक्रिय है, जिसके बाद सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस ऑपरेशन के दौरान, जवानों का पैर नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी पर पड़ गया, जिससे एक जोरदार धमाका हुआ। जिसमें दो जवान घायल हो गये।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आईईडी विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान और तेज कर दिया है। अतिरिक्त बलों की तैनाती कर संभावित अन्य विस्फोटकों की तलाश की जा रही है। नक्सलियों की किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


