- पुलिस ने मानव तस्करों के चंगुल से दो युवतियों को छुड़ाया, तकनीकी जांच से मिली कामयाबी
चैनपुर : गुमला जिले की चैनपुर पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवतियों को सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक युवती को राजस्थान से और दूसरी किशोरी को दिल्ली से रेस्क्यू किया है। लंबे समय बाद अपनी बच्चियों को सही-सलामत देखकर माता-पिता भावुक हो गए। परिजनों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की मेहनत से ही आज उनकी बेटियां सुरक्षित वापस लौट पाई हैं।
पुलिस अधीक्षक, गुमला के निर्देशानुसार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चैनपुर के नेतृत्व में इस कार्रवाई के लिए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार टीम ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। जब सुराग मिलना मुश्किल हुआ तो पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन का सहारा लिया। इसी आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर एक पीड़िता को बरामद किया जबकि दूसरी पीड़िता को दिल्ली से रेस्क्यू किया गया।
जानकारी के अनुसार बरामद युवतियों में से एक 2023 से लापता थी। उसे काम दिलाने और शहर घुमाने के बहाने बहला-फुसलाकर ले जाया गया था और बाद में मानव तस्करों के हाथों बेच दिया गया था। पुलिस की लंबी जांच-पड़ताल के बाद अब उसे न्याय मिल पाया है। इस संबंध में चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों पीड़िताओं को सुरक्षित गुमला लाया गया है। नियमानुसार गुमला न्यायालय में उनका बयान दर्ज कराया जाएगा। इसके साथ ही सीडब्ल्यूसी (CWC) के समक्ष बयान और महिला थाना में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनका मेडिकल चेकअप कराया जाएगा। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद युवतियों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


