33 C
Kolkata
Monday, May 11, 2026

चंबा में गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की इनोवा, गुजरात के 5 लोगों सहित 6 की मौत

शिमला/चंबा । हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। भटियात उपमंडल के ककीरा-लाहडू मार्ग पर रविवार देर रात पर्यटकों से भरी एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में गुजरात के एक ही परिवार के 5 सदस्यों सहित कुल 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

मनाली से डलहौजी जा रहे थे पर्यटक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 3:00 बजे हुआ। गुजरात के भावनगर से आए ये पर्यटक मनाली घूमने के बाद डलहौजी की ओर जा रहे थे। ककीरा के पास मूसलाधार बारिश के कारण विजिबिलिटी कम थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे कई सौ फीट नीचे खाई में जा समाई।

रेस्क्यू ऑपरेशन में आई मुश्किलें
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। भारी बारिश और घने अंधेरे के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। खाई से शवों और घायलों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

हादसे के शिकार हुए लोग
मृतकों की पहचान हो गई है, जिनमें गुजरात के भावनगर के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य और मंडी का चालक शामिल है: ललित भाई फटनानी (गुजरात), ममता बेन (ललित भाई की पत्नी), काजल (प्रियंक कनहिया की पत्नी), दियांश (मासूम बच्चा, प्रियंक कनहिया का पुत्र), प्रियंक कनहिया लाल (गुजरात), जसवंत (चालक, मंडी, हिमाचल प्रदेश)

चंबा के एसपी विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक दृष्टि में दुर्घटना का कारण भारी बारिश और खराब मौसम लग रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख