पूर्णिया। पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार की सुबह पूरे शहर में हड़कंप मच गया। एहतियातन कोर्ट परिसर को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सिविल कोर्ट आने-जाने वाली मुख्य सड़क को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है तथा आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात्रि लगभग 12 बजे के बाद सिविल कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
मौके पर पूर्णिया सदर डीएसपी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। बम स्क्वायड टीम और श्वान दस्ते द्वारा परिसर के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली जा रही है। कई थानों के प्रभारी एवं सैकड़ों पुलिस जवान सुरक्षा घेरा बनाए हुए हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और आसपास के रास्तों को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। फिलहाल कोर्ट का नियमित कामकाज बाधित है। परिसर में स्वाभाविक रूप से भय का माहौल देखा जा रहा है, हालांकि वकीलों और कर्मचारियों की सीमित मौजूदगी बनी हुई है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर ईमेल के जरिए इस प्रकार की धमकियां मिलने की घटनाएं सामने आई हैं। यदि यह धमकी फर्जी साबित होती है तो यह भी गंभीर विषय है कि आखिर ऐसी हरकतें कौन और क्यों कर रहा है। उन्होंने सरकार से मामले में सख्त संज्ञान लेकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आज कोर्ट का नियमित कार्य किस प्रकार संचालित होगा। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच में जुटी हैं और संदिग्ध ईमेल के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


