रांची । राजधानी रांची में पिछले कुछ घंटों से पेट्रोल और डीजल की किल्लत को लेकर फैल रही खबरों पर जिला प्रशासन ने विराम लगा दिया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और स्टॉक की कोई कमी नहीं है।
प्रशासन और तेल कंपनियों की आपात बैठक
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कुमार रजत ने विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी शामिल हुए।
अफवाहों के कारण बढ़ा ‘पैनिक बाइंग’ का दबाव
बैठक में सामने आया कि नामकुम और पिठोरिया जैसे इलाकों के कुछ पंपों पर तेल खत्म होने की खबरें महज अफवाह थीं। तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि जिले में ईंधन की आपूर्ति कहीं भी बाधित नहीं हुई है। पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है और लॉजिस्टिक्स सुचारू रूप से काम कर रहे हैं। अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा तेल खरीद रहे हैं, जिससे कुछ पंपों पर अस्थायी भीड़ देखी गई।
जमाखोरी और कृत्रिम संकट पर कड़ी नजर
SDO कुमार रजत ने तेल कंपनियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने रिटेल आउटलेट्स (पेट्रोल पंप) की सतत मॉनिटरिंग करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी स्तर पर जमाखोरी या कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जरूरत पड़ी, तो प्रशासनिक निगरानी और तेज की जाएगी ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।
जनता से अपील: केवल आधिकारिक सूचना पर करें भरोसा
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें। अपनी जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें और घबराएं नहीं। प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है।

