29.3 C
Kolkata
Monday, June 15, 2026

अरगोड़ा चौक पर बस पर फायरिंग, गश्ती दल ने साहस दिखाकर एक अपराधी को हथियार के साथ दबोचा

रांची । राजधानी के अरगोड़ा चौक पर मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब बाइक सवार अपराधियों ने एक यात्री बस पर फायरिंग कर दी। हालांकि, मौके पर मुस्तैद रांची पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और खदेड़कर एक अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

मामूली कहासुनी और फिर फायरिंग
जानकारी के अनुसार, ‘जीवन ज्योति’ नामक बस के आगे-पीछे बाइक सवार तीन युवक काफी देर से संदिग्ध रूप से घूम रहे थे। इसी दौरान बस चालक के साथ उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक अपराधी ने पिस्टल निकालकर बस पर गोली चला दी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

पुलिस की जांबाजी: अपराधी को दौड़ाकर पकड़ा
फायरिंग की आवाज सुनते ही अरगोड़ा चौक के पास तैनात पीसीआर और गश्ती दल तुरंत सक्रिय हो गया। पुलिस को अपनी ओर आता देख तीनों अपराधी भागने लगे। जवानों ने साहस का परिचय देते हुए अपराधियों का पीछा किया और एक को धर दबोचा। पकड़े गए अपराधी के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है।

सिटी एसपी ने लिया जायजा, छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। गिरफ्तार अपराधी से गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि पुलिस को फरार हुए दो अन्य अपराधियों के बारे में अहम सुराग मिले हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए शहर के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख