34 C
Kolkata
Friday, May 15, 2026

झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, तापमान में आएगी गिरावट

रांची। झारखंड में आने वाले दिनों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बने निम्न दबाव के प्रभाव से राज्य में बादल छाने, हल्की बारिश होने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने मंगलवार को दी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब के इलाकों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में भी एक अन्य निम्न दबाव की स्थिति बनने की संभावना है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड समेत देश के कई मध्य राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक से लेकर घने बादल छाए रहने की संभावना है और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
इधर, मंगलवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा, जिससे लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हुआ। हालांकि दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल छा गए और मध्यम गति की हवाएं चलती रहीं, जिससे मौसम में हल्की ठंडक बनी रही। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूानतम तापमान 13.2 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री, डालटेनगंज में अधिकतम 28.6 और न्यूनतम 10.5 डिग्री, बोकारो में 27.1 और 12.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Related Articles

नवीनतम लेख