30.7 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

भव्य कलश यात्रा से शिवमय हुआ तोरपा क्षेत्र

खूंटी। तोरपा प्रखंड के बासकी गांव में नवनिर्मित नर्मदेश्वर शिव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर गुरुवार को मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बासकी सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
कलश यात्रा में सबसे आगे नौ कन्याएं सिर पर पवित्र कलश धारण कर चल रही थीं। उनके पीछे सैकड़ों महिलाएं और श्रद्धालु छह किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए तोरपा स्थित छाता नदी छठ घाट पहुंचे। नदी तट पर गंगा पूजन एवं अन्य वैदिक अनुष्ठानों के बाद कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद यात्रा कर्रा रोड, मेन रोड, तोरपा मिशन और तपकरा रोड होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते रहे।

इस अवसर पर बनारस से पधारे विद्वान आचार्यों के सानिध्य में वेदी पूजन, पंचांग पूजन सहित कई धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। मंदिर निर्माण के लिए भूमि दान देने वाले राजेंद्र सिंह सपत्नी मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे गांव में उत्साह और उल्लास का वातावरण है। गांव को झंडे-पताकाओं से सजाया गया है तथा अनुशासन और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ग्रामीणों ने आपसी सहमति से महोत्सव की अवधि में मांसाहार और मदिरा सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
तीन दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को शिवलिंग एवं अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही जलाधिवास, पुष्पाधिवास, अन्नाधिवास सहित विभिन्न अनुष्ठान होंगे और सुबह से अखंड हरि-कीर्तन प्रारंभ होगा। तीनों दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।
उल्लेखनीय है कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी 2024 को ही इस मंदिर का शिलान्यास किया गया था। वहीं, महाकाल की नगरी उज्जैन से गत 22 जनवरी को नर्मदेश्वर शिवलिंग बासकी गांव लाया गया, जो इस आयोजन को और भी विशेष बनाता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजनाथ सिंह, शिवकुमार सिंह, राजेंद्र सिंह, राम नरेश सिंह, सोनू सिंह, एमपी सिंह, गोपाल सिंह आनन्द सिंह, सुरेंद्र सिंह, विक्रमा महतो सहित पूरे गांव के श्रद्धालु जुटे हुए है।

Related Articles

नवीनतम लेख