खूंटी | रामनवमी महोत्सव के दौरान मुरहू में दो समुदायों में हुई झड़प के बाद पुलिस द्वारा हिंदू समुदाय के कुछ लोगों की गिरफ्तारी के विरोध और गिरफ्तार लोगों को बिना शर्त रिहा करने की मांग को लेकर केंद्रीय रामनवमी महासमिति के आह्वान पर आहूत खूंटी जिला बंद के पहले दिन सोमवार को बंदी का जबरदस्त असर देखा गया।
खूंटी जिला मुख्यालय के अलावा तोरपा, कर्रा, रनिया, मुरहू और अड़की प्रखंड क्षेत्र में बंद पूरी तरह प्रभावी रहा। सुबह से ही दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सुबह से ताले लटके रहे। वाहनों को बंद से मुक्त रखा गया है। इसके कारण सभी मार्गों पर वाहनों का परिचालन सामान्य रहा। बंद को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। हिंदूवादी संगठनों का कहना है कि जब तक निर्दोष रामभक्तों को बिना शर्त छोड़ा नहीं जाता, तब तक बंद जारी रहेगा।


