पलामू। पलामू के पांचो नगर निकाय आम चुनाव 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गयी हैं। शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस और डीडीसी जावेद हुसैन ने विभिन्न पदाधिकारियों संग स्थानीय जीएलए कॉलेज में बनाये गये डिस्पैच सेंटर व स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। पदाधिकारियों ने कॉलेज में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीसी ने पोलिंग पार्टियों के डिस्पैच की तैयारियों का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने उपनिर्वाचन पदाधिकारी-सह-पंचायती राज पदाधिकारी रतन सिंह को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर और त्रुटिरहित सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 22 फरवरी को डिस्पैच सेंटर से विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। इसे लेकर काउंटरवार सुव्यवस्थित डिस्पैच व्यवस्था, निर्वाचन सामग्री किट का पूर्ण संकलन, पोलिंग कर्मियों की उपस्थिति का सत्यापन तथा रैंडमाइजेशन के अनुरूप प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जा रही है।
सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती, रूट चार्ट के अनुसार वाहन व्यवस्था,पोलिंग पार्टियों को प्रशिक्षण संबंधी दिशा-निर्देशों का पुनः स्मरण, मेडिकल सहायता, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया है। डिस्पैच सेंटर पर कड़ी निगरानी रखने को लेकर कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क भी स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। इसके अलावे स्ट्रांग रूम और मतगणना परिसर में रिसीविंग टेबल पर मतदान कर्मियों के पहुंचने के लिए सुलभ व्यवस्था, मतगणना के दिन कर्मियों का आवागमन व्यवस्था सहित सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा निर्देश दिये। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी सह वाहन कोषांग के नोडल पदाधिकारी जितेंद्र कुमार, एनडीसी नीरज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी दीपक कुमार, सहायक नगर आयुक्त सहित अन्य मौजूद रहे।


