21.1 C
Kolkata
Thursday, March 5, 2026

कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को देश लगातार नकार रहा हैः मोदी

कालियाबोर (असम)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश का मतदाता आज भी सुशासन चाहता है, विकास चाहता है और विकास के साथ विरासत पर समान रूप से ध्यान देने वाली सरकार को पसंद करता है इसलिए वह भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा कर रहा है। हालिया चुनाव परिणामों का एक स्पष्ट संदेश यह भी है कि देश कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को लगातार नकार रहा है। जिस मुंबई शहर में कांग्रेस का जन्म हुआ था, वहां आज वह चौथे या पांचवें स्थान की पार्टी बनकर रह गई है। जिस महाराष्ट्र में कांग्रेस ने वर्षों तक शासन किया, वहां वह पूरी तरह सिमट चुकी है। कांग्रेस देश का भरोसा खो चुकी है क्योंकि उसके पास विकास का कोई विकास का एजेंडा नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दो दिवसीय असम दौरे के दौरान नागांव जिले के कालियाबोर में 6,950 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखी और दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, असम सरकार में मंत्री अतुल बोरा, केशव महानता समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि काजीरंगा आकर उन्हें अपनी पिछली यात्रा की याद आ गई। दो वर्ष पहले काजीरंगा में बिताए गए पल उनके जीवन के बहुत विशेष अनुभवों में शामिल हैं। उस दौरान उन्हें काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में रात्रि विश्राम का अवसर मिला था और अगली सुबह हाथी सफारी के दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुंदरता को बहुत करीब से महसूस किया था। असम आकर उन्हें हमेशा एक अलग ही खुशी मिलती है।

प्रधानमंत्री ने बोडो समुदाय की बेटियों द्वारा प्रस्तुत बागुरुम्बा नृत्य की सराहना करते हुए कहा कि 10,000 से अधिक कलाकारों की इस प्रस्तुति ने नया कीर्तिमान बनाया है। बागुरुम्बा नृत्य की अनुभूति आंखों से उतर कर सीधे दिल में उतरती रही और असम के कलाकारों की मेहनत, तैयारी और तालमेल वास्तव में अद्भुत रहा। उन्होंने सभी कलाकारों को बधाई दी और देशभर के सोशल मीडिया इंफ़्लुएंसर्स की भी सराहना की, जिनके प्रयासों से बोडो परंपरा का यह नृत्य सामाजिक माध्यमों पर व्यापक रूप से छाया हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि टेलीविजन पर सुबह से ही बीती रात के कार्यक्रमों का प्रसारण हो रहा है, जिससे कार्यक्रम की भव्यता का अनुमान लगाया जा सकता है। पिछले वर्ष वे झुमरई महोत्सव में शामिल हुए थे और इस वर्ष माघ बिहू के अवसर पर आने का सौभाग्य मिला। एक महीने पहले वे विकास परियोजनाओं के लिए गुवाहाटी आए थे, जहां लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार के तहत नई टर्मिनल इमारत का उद्घाटन किया गया था और नामरूप में अमोनिया-यूरिया संयंत्र की आधारशिला रखी गई थी। ऐसे सभी अवसरों ने भाजपा सरकार के ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र को और मजबूत किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम के इतिहास में कालियाबोर का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रहा है। यह काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का प्रवेश द्वार है और ऊपरी असम की संपर्क व्यवस्था का केंद्र भी है। इसी क्षेत्र से महायोद्धा लचित बोरफुकन ने मुगल आक्रमणकारियों को बाहर खदेड़ने की रणनीति बनाई थी और उनके नेतृत्व में असम के लोगों ने साहस, एकजुटता और दृढ़ संकल्प के साथ मुगल सेना को पराजित किया। यह केवल एक सैन्य विजय नहीं थी बल्कि असम के स्वाभिमान और आत्मविश्वास का जयघोष था। अहोम शासन काल से ही कालियाबोर का रणनीतिक महत्व रहा है और उन्हें खुशी है कि भाजपा सरकार में यह क्षेत्र विकास का अहम केंद्र बन रहा है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles