नई दिल्ली। आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 के 28वें मुकाबले में अफगानिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को पांच विकेट से हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की। सोमवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में अजमतुल्लाह ओमरजई ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
अफगानिस्तान ने यूएई को 20 ओवर में 9 विकेट पर 160 रन पर रोक दिया था। इसके बाद 161 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर यूएई के जुनैद सिद्दीकी ने रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर दिया। गुलबदीन नैब और इब्राहिम जादरान ने दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। जादरान ने हैदर अली के एक ओवर में चार चौके लगाकर 18 रन बटोरे। हालांकि छठे ओवर में नैब अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद सिदीकुल्लाह अतल ने जादरान के साथ तीसरे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी की, लेकिन वह 14 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए। जादरान ने 41 गेंदों में 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था।
दरविश रसूली ने अजमतुल्लाह ओमरजई के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 रन जोड़े। रसूली ने 23 गेंदों में 33 रन बनाए। अंतिम पांच ओवर में 52 रन की आवश्यकता थी, लेकिन ओमरजई ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला अफगानिस्तान के पक्ष में कर दिया। ओमरजई 21 गेंदों में नाबाद 40 रन (2 चौके, 3 छक्के) बनाकर लौटे और अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर विजयी चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। इससे पहले अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर यूएई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। यूएई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 160 रन ही बना सकी। टीम के लिए अलीशान शराफू ने 31 गेंदों में 40 रन और सोहैब खान ने 48 गेंदों में 68 रन की पारी खेली।
अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट लिए। मुजीब उर रहमान ने दो विकेट झटके। कप्तान राशिद खान ने भी एक विकेट हासिल किया और इसी के साथ टी-20 क्रिकेट में अपने 700 विकेट पूरे कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। अफगानिस्तान का अंतिम ग्रुप चरण मुकाबला कनाडा के खिलाफ गुरुवार को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं यूएई की टीम बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान में उतरेगी।


