देवघर | भारत में होली एक प्रमुख पर्व है, जिसे लोग बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं। इस त्योहार पर मिठाइयों की खरीदारी का खास चलन है, ताकि परिवार और दोस्तों के साथ इस खास मौके को सेलिब्रेट किया जा सके। हालांकि, इस मौके का फायदा उठाकर कुछ मिठाई विक्रेता और होटल संचालक मिलावट जैसे अवैध कामों में लिप्त पाए जाते हैं। बढ़ती मांग का फायदा उठाते हुए वे खाद्य पदार्थों में मिलावट कर उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करते हैं।
जिले में खाद्य सामग्री की कड़ी जांच शुरू
आने वाले त्योहारों को देखते हुए जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने जिले के बड़े बाजारों और प्रतिष्ठानों पर सख्त निगरानी शुरू कर दी है। देवघर, मधुपुर, सारवां, सोनाराठाड़ी, मार्गो मुंडा, देवीपुर, करौ, सारठ, पालजोड़ी जैसे क्षेत्रों में खाद्य पदाधिकारी अपनी टीम के साथ पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रहे हैं। जहां कहीं भी मिलावट या गड़बड़ी पाई जा रही है, वहां संबंधित व्यापारियों को चेतावनी देकर उनके कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
मिलावट पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई
मिलावट के मामलों में लिप्त पाए गए कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के आधार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। इनमें शुद्ध घी, बेसन, गुजिया, मटर, अमूल क्रीम, साल्टेड बिस्किट्स, मिल्क केक, पनीर, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, खुआ और काजू कतली शामिल थे। इन सभी उत्पादों को मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।
स्वच्छता और गुणवत्ता में लापरवाही पर कार्रवाई
जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और रखरखाव में लापरवाही पाए जाने पर तुरंत चेतावनी दी गई। उदाहरण के तौर पर भोजन जंक्शन, वायराय रेस्टोरेंट और होटल कंफर्ट में एक्सपायर्ड कोल्ड्रिंक्स पाए गए। जहां भी एक्सपायरी सामान मिले, उन्हें सील कर दिया गया। ऐसे प्रतिष्ठानों को निर्देश दिया गया है कि वे पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और खाद्य संचालकों की मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट करवाएं। इसके अलावा परिसर की सफाई और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने का आदेश भी दिया गया है।
खरीदारी के समय उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने सभी उपभोक्ताओं से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पैकेटबंद मिठाई या अन्य वस्तुओं की खरीदारी करते समय उनकी मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और निर्माता का सही विवरण अवश्य जांच लें। इसके अलावा खुली मिठाइयां खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और ताजगी का ध्यान रखना भी अनिवार्य है।
त्योहारी सीजन में यह कदम लोगों को सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।


