29 C
Kolkata
Saturday, April 18, 2026

झारखंड के गढ़वा में महाष्टमी के जुलूस पर पथराव, 19 गिरफ्तार, थाना प्रभारी लाइन हाजिर

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के रमकांडा थाना क्षेत्र में महाष्टमी को गुरुवार देररात निकाले गए जुलूस पर हुए पथराव के बाद स्थिति तनावपूर्ण है। इस घटना में छह पुलिसकर्मी और अनेक नागरिक घायल हुए हैं। पुलिस ने 12 से अधिक मोटरसाइकिल जब्त की है। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

पलामू डीआईजी कौशल किशोर और गढ़वा एसपी अमन कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।

एक समुदाय का आरोप है कि जुलूस को विशेष समुदाय के लोगों ने कौआखोह शिव चबूतरा के पास आगे जाने से रोक दिया। डीआईजी ने बताया कि रामनवमी की पूर्व संध्या पर पुलिस सुरक्षा में झांकी निकाली गई। इस दौरान जुलूस पर पथराव किया गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल का प्रयोग करते हुए आंसू गैस के गोले छोड़े। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

गढ़वा एसपी अमन कुमार ने बताया कि जुलूस को लेकर दो समुदाय में विवाद हुआ था। जुलूस को लेकर बुधवार को भी थोड़ा विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों समुदायों में जुलूस निकालने पर सहमति बनी। मगर कुछ लोगों के अचानक जुलूस को रोकने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटनास्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस ने इस संबंध में 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 13 लोग मुस्लिम पक्ष और 6 लोग हिंदू पक्ष के बताए जा रहे हैं। साथ ही 18 मोटरसाइकिलों और 9 मोबाइल फोन को जब्त किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामला दर्ज किया है। अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख