नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने चिकित्सीय देखभाल के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कहा कि यह कदम दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देश और लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उठाया गया। साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के कार्यकर्ताओं से जंतर-मंतर को शांतिपूर्वक खाली करने की अपील की गई है।
सफदरजंग अस्पताल के अनुसार, सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह भर्ती किया गया है। उनकी चिकित्सीय जांच जारी है और विस्तृत स्वास्थ्य बुलेटिन बाद में जारी किया जाएगा।
उच्च न्यायालय के आदेश का हवाला
दिल्ली पुलिस ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों और चिकित्सकों की सलाह के अनुरूप सोनम वांगचुक को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, उन्हें प्रदर्शन स्थल से ले जाने के दौरान कुछ सीजेपी कार्यकर्ताओं ने बाधा उत्पन्न की। इसके बावजूद पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जंतर-मंतर को शांतिपूर्वक खाली करने की अपील भी की है।
सीजेपी ने लगाए मारपीट के आरोप
वहीं, सीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सादे कपड़ों में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन स्थल पर उनके साथ मारपीट की। पार्टी का कहना है कि कार्रवाई के समय आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दीपिके वहां मौजूद नहीं थे। सोशल मीडिया पर जारी जानकारी के अनुसार, वह उस समय स्नान के लिए गए थे।
अभिजीत दीपिके ने एक वीडियो संदेश में दावा किया कि पुलिस ने उन्हें उनके एक मित्र के घर से जबरन हिरासत में लिया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने समर्थकों से आंदोलन जारी रखने की अपील की।
