पूर्वी सिंहभूम | जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शुक्रवार की देर रात एक युवक ने अपने ही पिता पर यह कहकर जानलेवा हमला कर दिया कि उसने उन्हें ‘भूत’ समझ लिया था। इस खूनी संघर्ष के बाद पूरे पद्मा रोड इलाके में दहशत का माहौल है।
आधी रात को चीख-पुकार से दहला इलाका
घटना कृष्णा रोड की है, जहाँ देर रात एक घर से अचानक आ रही चीखें सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए। घर के अंदर का नजारा देख लोग दंग रह गए; घर के मुखिया करण उर्फ करम सिंह खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। उनके बेटे निशांत सिंह ने धारदार हथियार (चापड़) से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया था। स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी बेटे को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल करण सिंह को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके सिर और शरीर पर गहरे घाव हैं। स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च संस्थान रेफर किया गया है।
नशा या अंधविश्वास? पुलिस जांच में जुटी
आरोपी निशांत सिंह पुलिस पूछताछ में बार-बार यही रट लगा रहा है कि उसने डर के मारे हमला किया क्योंकि उसे अपने पिता में ‘भूत’ नजर आया था। हालांकि, स्थानीय सूत्रों का दावा कुछ और ही है। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी नशे का आदी है। घटना से पहले उसने पिता से नशे के लिए पैसे मांगे थे। पैसे न मिलने पर उसने इस हिंसक वारदात को अंजाम दिया और अब बचने के लिए ‘भूत’ की कहानी गढ़ रहा है।
थाना प्रभारी का बयान
सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस युवक की मानसिक स्थिति और नशे की लत, दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। सच जानने के लिए आरोपी का मनोवैज्ञानिक परीक्षण भी कराया जा सकता है।

