32 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

डिवाइडर लांघकर पलटी स्लीपर बस, ट्रॉले की चपेट में आने से 3 की मौत, 20 घायल

कोटा । राजस्थान के कोटा में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आरकेपुरम थाना क्षेत्र के नयागांव पुलिया के पास एक निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदते हुए दूसरी लेन में जा पलटी। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

केबिन से सड़क पर गिरे और ट्रॉले ने कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, बस अहमदाबाद से ग्वालियर-भिंड (मध्य प्रदेश) की ओर जा रही थी। हादसा इतना भयानक था कि बस पलटने के दौरान फ्रंट मिरर (सामने का कांच) टूट गया और ड्राइवर केबिन में बैठे तीन लोग सीधे सड़क पर जा गिरे। उसी वक्त सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रॉले ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ढाई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बस के कांच तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की वजह: पत्थरबाजी या जानवर?
दुर्घटना के कारणों को लेकर फिलहाल सस्पेंस बना हुआ है। बस के शीशे पर किसी ने पत्थर मारा था, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। सड़क पर अचानक किसी मवेशी के आने से यह हादसा हुआ होगा। एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि बस चालक भी घायल है, उससे पूछताछ के बाद ही असली वजह सामने आएगी।

“बस अचानक लहराने लगी और देखते ही देखते पलट गई। हम सब सो रहे थे, समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ।” – एक घायल यात्री

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख