29 C
Kolkata
Tuesday, February 17, 2026

कोलकाता में वीजा अवधि समाप्त होने के बाद छह बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

कोलकाता। कोलकाता पुलिस ने केंद्रीय कोलकाता के एक होटल से छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से भारत में ठहरे हुए थे। पुलिस ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी और पार्क स्ट्रीट थाना की टीम ने कॉलिन स्ट्रीट स्थित होटल में छापेमारी कर कार्रवाई की। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान आबिर हुसैन, मोहम्मद मामुन रशीद, मोहम्मद अलीमुन गाजी, आज़म मोल्ला, फैजल अमीन और जायदुल इस्लाम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इनमें से आज़म मोल्ला पेशे से गायक हैं और गिरफ्तारी के समय उन्होंने अपना गिटार साथ रखने और गाने की अनुमति मांगने की इच्छा जताई।

प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि सभी आरोपी बांग्लादेश की सत्तारूढ़ पार्टी आवामी लीग से जुड़े बताए जा रहे हैं। आरोपित मुख्य रूप से बांग्लादेश के नोआखाली और टांगाइल क्षेत्रों के निवासी हैं और उनकी उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच है।

पुलिस के अनुसार, पिछले वर्ष बांग्लादेश में अशांति के कारण वे अलग-अलग समय पर चिकित्सीय वीजा लेकर कोलकाता आए थे। यहां आने के बाद वे एक-दूसरे के संपर्क में आए और विभिन्न होटलों में ठहरने लगे। कुछ ने स्थानीय स्तर पर काम की तलाश भी की।

नवंबर 2025 से इनके वीजा की अवधि समाप्त होना शुरू हुई और जनवरी तक सभी के वीजा पूरी तरह समाप्त हो गए थे। इसके बावजूद वे बांग्लादेश लौटने को तैयार नहीं थे। लगभग सात दिन पहले वे कॉलिन स्ट्रीट स्थित होटल में ठहरे हुए थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया।

सोमवार को गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपितों को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उन्हें 27 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सजा की अवधि पूरी होने के बाद विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles