देहरादून। पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड आने का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय के कारण बनी परिस्थितियों के बीच पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। गुरुद्वारा पांवटा साहिब में निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में वार्ता जारी है।
निहंग सिख समुदाय के एकत्र होने के बाद प्रशासन और पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को पांवटा साहिब स्थित उत्तराखंड सीमा का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सीमा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है और पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन की ओर से गुरुद्वारा पांवटा साहिब में निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत जारी है। अधिकारियों का कहना है कि संवाद के माध्यम से स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और प्रशासन तथा पुलिस प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी संवाद के माध्यम से स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी।
