27.1 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के सेमीफाइनल में हारीं सिंधु, यामागुची ने रोका खिताबी अभियान

सिडनी । भारत की स्टार शटलर और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में शानदार सफर सेमीफाइनल में समाप्त हो गया। शनिवार को खेले गए महिला एकल मुकाबले में उन्हें मौजूदा विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची ने 22-20, 21-12 से हराया।

मुकाबले की शुरुआत सिंधु ने दमदार अंदाज में की और पहले गेम के अधिकांश समय बढ़त बनाए रखी। हालांकि यामागुची ने लगातार वापसी करते हुए मुकाबले को ड्यूस तक पहुंचाया और अंततः पहला गेम अपने नाम कर लिया।

पहले गेम की जीत से मिली लय को जापानी खिलाड़ी ने दूसरे गेम में भी बरकरार रखा। सिंधु ने शुरुआती बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद यामागुची ने लगातार अंक जुटाते हुए 18-9 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। अंत में सिंधु का शॉट नेट में जाने के साथ मुकाबला समाप्त हुआ।

सिंधु ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की चेन सू-यू को मात्र 27 मिनट में 21-6, 21-9 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी।

विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज सिंधु की यह 2026 बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सत्र में दूसरी सेमीफाइनल उपस्थिति रही। इससे पहले वह जनवरी में मलेशिया ओपन के अंतिम चार तक पहुंची थीं।

सिंधु इस टूर्नामेंट के जरिए सैयद मोदी इंटरनेशनल 2024 के बाद अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीतने की कोशिश कर रही थीं। हालांकि खिताबी दौड़ यहीं समाप्त हो गई, लेकिन उनका सेमीफाइनल तक पहुंचना इस सत्र में उनकी बेहतर होती लय का संकेत माना जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख