क्रिकेट की दुनिया में नाइट राइडर्स ग्रुप ने एक नया इतिहास रच दिया है। बॉलीवुड अभिनेता और कोलकाता नाइट राइडर्स के सह-मालिक शाहरुख खान ने अमेरिका में क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने लॉस एंजिलिस में नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड के उद्घाटन की घोषणा की। इस मौके पर शाहरुख ने इसे अपने सपने का साकार होना बताया और आईसीसी चेयरमैन जय शाह तथा आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजोग गुप्ता का विशेष धन्यवाद किया।
इंटरनेशनल स्टैंडर्ड्स के मुताबिक तैयार किए गए नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड, LA को खिलाड़ियों और फैंस, दोनों को बेहतरीन क्रिकेटिंग एक्सपीरियंस देने के लिए बनाया गया है। इस मैदान में मेन स्क्वायर पर आठ विकेट हैं, ICC स्टैंडर्ड के मुताबिक प्लेइंग डाइमेंशन्स हैं और 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर्स लगाए गए हैं। वहीं, इस वर्ल्ड-क्लास क्रिकेट ग्राउंड को तैयार करने के लिए निर्माण के दौरान 32,000 मीट्रिक टन से ज्यादा मिट्टी हटाई गई।
यह दुनिया का पहला ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन गया है, जिसने अपना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाया है। लॉस एंजेलिस का नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड अब आधिकारिक तौर पर अपना पहला मेजर लीग क्रिकेट मैच होस्ट कर चुका है। यह अमेरिका में क्रिकेट के लिए एक स्थायी और वर्ल्ड-क्लास होम बनने की शुरुआत है। साथ ही, यह भी दिखाता है कि नाइट राइडर्स ग्रुप वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर में लॉन्ग-टर्म निवेश के जरिए क्रिकेट को आगे बढ़ाने के अपने विज़न पर लगातार काम कर रहा है।
शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर लिखा, टजो एक सपने के रूप में शुरू हुआ था, वह आज हकीकत बन गया। लॉस एंजिलिस के नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में आप सभी का स्वागत है।’ उन्होंने कहा कि यह सिर्फ क्रिकेट खेलने का मैदान नहीं है, बल्कि मनोरंजन, परिवारों और ऐसी यादें बनाने की जगह है जो हमेशा साथ रहेंगी।
