सारण। पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिगों के शोषण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 नाबालिग लड़कियों को आर्केस्ट्रा संचालकों के चंगुल से मुक्त कराया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के विभिन्न आर्केस्ट्रा केंद्रों पर छापेमारी की गई। यह कार्रवाई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पत्र के आलोक में की गई। एसएसपी के निर्देश पर महिला थाना पुलिस और विशेष टीम ने रिविलगंज एवं कोपा थाना अंतर्गत चिन्हित आर्केस्ट्रा ठिकानों की विधिवत घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, इन लड़कियों को प्रताड़ित कर जबरन नृत्य और अन्य अनैतिक कार्यों में धकेला गया था। मुक्त कराई गई 15 नाबालिग लड़कियों में पंजाब से चार, पश्चिम बंगाल से चार, बिहार से तीन, ओडिशा से दो, उत्तर प्रदेश से एक और असम से एक लड़की शामिल है। इन सभी को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है और इनके पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मौके से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में कोपा थाना क्षेत्र के दीपक कुमार यादव, हरिशंकर मांझी, संजीत कुमार मांझी, गोविन्द कुमार यादव और रिविलगंज थाना क्षेत्र के संदीप यादव, विनय ठाकुर व मोहित कुमार शामिल हैं। महिला थाना में मामला दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


